मोबाइल छीनकर भाग रहे अपराधियों ने ग्रामीणों पर चलाई गोली, अपने ही साथी को लगी; एक आरोपी गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk : समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल छीनकर भाग रहे अपराधियों ने ग्रामीणों से बचने के लिए फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली उनके ही एक साथी को लग गई। घायल युवक की पहचान मधुरापुर निवासी 23 वर्षीय रजनीश कुमार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना 27 अक्टूबर की शाम खोरवन पुलिया के समीप हुई थी।

पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी राजन कुमार सहनी को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से एक फायर किया हुआ खोखा और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पिस्टल दिखाकर छीना मोबाइल, शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे चकमेहसी थाना क्षेत्र के सोमनाहा निवासी रंजित कुमार खोरवन पुलिया के पास थे। इसी दौरान बाइक सवार चार अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर उनका रेडमी कंपनी का मोबाइल छीन लिया।

पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण जुट गए और अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान चली गोली उनके एक साथी रजनीश कुमार को लग गई। इसके बाद सभी बाइक से भाग निकले।

मोबाइल पर खबर देखकर पीड़ित ने की घायल आरोपी की पहचान

घटना की रात करीब साढ़े आठ बजे रजनीश को गोली लगने की हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर लाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। शुरुआती जानकारी में उसके अपने साथियों की गोली से घायल होने की बात सामने आई थी।

अगली सुबह मोबाइल पर खबर देखने के बाद पीड़ित रंजित कुमार ने घायल रजनीश को मोबाइल छिनतई की घटना में शामिल आरोपी के रूप में पहचान लिया। इसके बाद उन्होंने कल्याणपुर थाने में आवेदन दिया।

चार नामजद, गिरफ्तार आरोपी पर पहले से दर्ज है मामला

पीड़ित के आवेदन पर कल्याणपुर थाना कांड संख्या 402/2026 दर्ज किया गया है। इसमें रजनीश कुमार, रितिक कुमार महतो, राजन कुमार सहनी और रितेश कुमार को नामजद किया गया है।

पुलिस ने मधुरापुर निवासी राजन कुमार सहनी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पूर्व से कल्याणपुर थाने में 26 अगस्त 2026 को चोरी से संबंधित मामला दर्ज है।

छापेमारी दल में कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत, एसआई अभिजीत कुमार सतीश, कृष्णा शर्मा, एएसआई विजय पासवान और सदर-2 क्यूआरटी के जवान शामिल थे।

*अरणब तूफान का असर,सरायरंजन में बूंदाबांदी शुरू,धान की फसल पर मंडराया खतरा,किसानों की बढ़ी चिंता – Doorbeen News*

अरणब तूफान का असर,सरायरंजन में बूंदाबांदी शुरू,धान की फसल पर मंडराया खतरा,किसानों की बढ़ी चिंता

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *