स्नातक व शिक्षक निर्वाचन के लिए कल पड़ेंगे वोट, 58 बूथों पर 36,940 मतदाता करेंगे मतदान

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk| समस्तीपुर : जिले में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा। इसे लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 58 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 34 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 24 बूथ शामिल हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 36,940 मतदाता सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर और बैलेट बॉक्स के माध्यम से कराया जाएगा।

गुरुवार को शहर स्थित विधि महाविद्यालय परिसर में मतदानकर्मियों को चुनाव सामग्री उपलब्ध कराकर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इससे पूर्व डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मतदानकर्मियों की ब्रीफिंग कर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिए।

मतदानकर्मी पूरी सजगता से निभाएं जिम्मेदारी : डीएम

डीएम रोशन कुशवाहा ने मतदानकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करें। मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव बैलेट पेपर से कराया जाएगा। इस चुनाव में सभी मतदाता शिक्षित हैं, इसलिए मतदानकर्मियों को विशेष सजगता बरतने की आवश्यकता है।

डीएम ने मतदान से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पालन करने को कहा, ताकि चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

सभी बूथों पर रहेगी सुरक्षा व्यवस्था, 30 उड़नदस्ता टीमें गठित

एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मतदानकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। मतदानकर्मियों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। वे निर्भीक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने के लिए जिले में 30 उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें चुनाव के दौरान निगरानी करेंगी। सभी प्रखंड एवं अनुमंडल मुख्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

स्नातक निर्वाचन में 34,515 और शिक्षक निर्वाचन में 2,425 मतदाता

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 34,515 मतदाता हैं। इनमें 24,647 पुरुष और 9,868 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,425 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 1,913 पुरुष और 512 महिला मतदाता हैं।

मतदाताओं का विवरण

निर्वाचन क्षेत्र पुरुष महिला कुल
स्नातक निर्वाचन 24,647 9,868 34,515
शिक्षक निर्वाचन 1,913 512 2,425
कुल 26,560 10,380 36,940

मतदान सामग्री के साथ बूथों के लिए रवाना हुए कर्मी

विधि महाविद्यालय में आयोजित ब्रीफिंग के बाद मतदानकर्मियों को बैलेट बॉक्स सहित चुनाव से संबंधित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके बाद सभी को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर एडीएम ब्रजेश कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सहित चुनाव कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय के अनुसार मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली है।

*विधान परिषद चुनाव : मतदानकर्मियों को निष्पक्ष चुनाव कराने का निर्देश, गड़बड़ी होने पर तुरंत कंट्रोल रूम को दें सूचना – Doorbeen News*

विधान परिषद चुनाव : मतदानकर्मियों को निष्पक्ष चुनाव कराने का निर्देश, गड़बड़ी होने पर तुरंत कंट्रोल रूम को दें सूचना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *