व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बिहार विधान परिषद सदस्य पद के लिए आज शुक्रवार 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर शिवाजीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के उद्देश्य से परिसर में दो अलग-अलग मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 1133 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 41 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों की भी तैनाती की गई है। इस संबंध में बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदाताओं की सूची के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 1133 है, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 41 मतदाता पंजीकृत हैं।


मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग कक्षों में बूथ की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में बनाए गए दोनों मतदान केंद्रों की पहचान और व्यवस्था अलग रखी गई है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान केंद्र संख्या 79 निर्धारित किया गया है, जिसका स्थान बीडीओ कार्यालय प्रकोष्ठ है।
वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान केंद्र संख्या 73 बनाया गया है। इसका स्थान इंदिरा आवास कार्यालय प्रकोष्ठ निर्धारित किया गया है। दोनों केंद्रों पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के पंजीकृत मतदाता ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।क्षनिर्वाचन को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रखंड क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू की गई है।


प्रशासन की ओर से चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया है। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्था के साथ पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी, जिससे मतदान के दौरान विधि-व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अवांछित गतिविधि नहीं हो।निर्वाचन कार्य के तहत पीठासीन पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
सिंघिया के बीडीओ विवेक रंजन को शिवाजीनगर में पीठासीन पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि शिवाजीनगर के बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह को खानपुर में प्रतिनियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार संचालित हो सके।
प्रशासन ने मतदाताओं से निर्धारित समय के भीतर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान संपन्न कराया जाएगा।


*शिवाजीनगर बाजार में दो स्थानों से निकली विसर्जन यात्रा, बरियाही घाट और पोखर में विसर्जित की गईं प्रतिमाएं – Doorbeen News*





