शिवाजीनगर बाजार में दो स्थानों से निकली विसर्जन यात्रा, बरियाही घाट और पोखर में विसर्जित की गईं प्रतिमाएं

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk:  शिवाजीनगर प्रखंड अतर्गत गुरुवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति और भावुक माहौल के बीच किया गया। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना, पूजा अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में लीन रहे श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी। इस दौरान पूरा वातावरण मां दुर्गा के जयकारों, भक्ति गीतों और भावपूर्ण विदाई के स्वरों से गूंजता रहा। शिवाजीनगर बाजार में दो अलग अलग स्थानों से विसर्जन यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

विसर्जन के दौरान शिवाजीनगर बाजार स्थित पूजा स्थलों पर विशेष धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह एवं पूर्व प्राचार्य कुंडेश्वर प्रसाद सिन्हा ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ मां के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। विसर्जन यात्रा में शामिल महिला, पुरुष, बच्चे और युवाओं ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए। ढोल नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु मां को विदाई देने के लिए आगे बढ़ते रहे।

विसर्जन यात्रा के दौरान अगले बरस तू जल्दी आ’, ‘मां शेरावालिए, तेरा दरबार बड़ा प्यारा है’ और ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ जैसे भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। वहीं, ‘माई के ममता भुलायब कैसे, अगले बरस फिर अइहें माई’ जैसे विदाई गीतों ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। लोगों ने हाथ जोड़कर मां से अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की।

नौ दिनों तक सजे पूजा पंडालों में उमंग और उत्साह के बाद विदाई की घड़ी ने श्रद्धालुओं को भावविह्वल कर दिया। नगर भ्रमण के बाद विसर्जन यात्रा करेह नदी के बरियाही घाट और पोखर के समीप पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष आरती की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अंतिम विदाई दी।

इसके बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। प्रखंड के विभिन्न गांवों और पूजा स्थलों से भी मां दुर्गा की प्रतिमाएं नदी और पोखरों में विसर्जित की गईं। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था और परंपरा का विशेष महत्व देखने को मिला।

विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, हथौड़ी थानाध्यक्ष मौसम, अपर थानाध्यक्ष मुखराम सिंह एवं प्रवीण कुमार सहित मुकेश कुमार सिंह, अंबिका सिंह, दिलीप कुमार चौधरी, मीनू कुमारी, विनोद कुमार सिंह, नवीन तिवारी और प्रियंका कुमारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं चौकीदार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे।

संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में विसर्जन यात्रा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार आगे बढ़ी और कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। मौके पर नवीन कुमार सिंह, मणिशंकर सिन्हा, शिवशंकर सिन्हा, दिनेश, गोलू, रामकुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मां दुर्गा को विदाई देते समय श्रद्धालुओं के मन में अगले वर्ष फिर मां के आगमन की उम्मीद और आस्था स्पष्ट रूप से दिखाई दी। जयकारों के बीच विदा होती मां की प्रतिमाओं के साथ ही शारदीय नवरात्र का उत्सव संपन्न हो गया।

*दुर्गा पूजा में पुलिस मुस्तैद, पंडालों से गायब रहे दंडाधिकारी! – Doorbeen News*

दुर्गा पूजा में पुलिस मुस्तैद, पंडालों से गायब रहे दंडाधिकारी!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *