मतदाता सूची में छूटे लोगों का नाम जोड़ने के लिए 16 और 17 अक्टूबर को लगेगा विशेष कैंप

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk : समस्तीपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए पात्र लोगों के लिए जिले में 16 और 17 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने समाहरणालय में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम किसी कारणवश विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है और सतत अद्यतीकरण के दौरान भी अब तक उनका पंजीकरण नहीं हुआ है, उनसे प्रपत्र-6 में आवेदन प्राप्त कर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

बीएलओ तैयार करेंगे सूची, राजनीतिक दलों के एजेंटों को भी देंगे जानकारी

डीएम ने निर्देश दिया कि छूटे हुए पात्र मतदाताओं की सूची तैयार कर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अपने मतदान केंद्र के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्राप्ति रसीद के साथ उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए अलग से पंजी का संधारण भी किया जाएगा।

विशेष कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में प्रपत्र-6, 7 और 8 के साथ आवश्यक पंजी उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है। कैंप की प्रमुख गतिविधियों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। इसके अलावा प्रपत्र-6 भरने वाले आवेदकों तथा वर्तमान मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं के संबंध में टेस्टिमोनियल तैयार करने के कार्य में भी राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा गया।

मतदान केंद्रों का भ्रमण कर अधिकारी करेंगे निगरानी

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बीएलओ पर्यवेक्षक प्रतिदिन अभियान की प्रगति की निगरानी करेंगे। वे बीएलओ द्वारा संधारित पंजी का निरीक्षण करने के साथ आवेदन प्राप्त करने और सूची तैयार करने के कार्य का अनुश्रवण करेंगे।

वहीं, 16 एवं 17 अक्टूबर को आयोजित विशेष कैंप के दौरान निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) स्वयं मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे स्वयं अथवा अपने बीएलए के माध्यम से मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ को सहयोग दें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रह जाए।

छठ पर्व के बाद भी विशेष कैंप लगाने की उठी मांग

बैठक के दौरान कुछ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने छठ महापर्व के बाद भी विशेष कैंप आयोजित करने का सुझाव दिया। प्रतिनिधियों ने कहा कि इससे छूटे हुए पात्र मतदाताओं को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का अतिरिक्त अवसर मिल सकेगा।

बैठक में भाजपा के सूर्य शेखर प्रसाद मंडल, राजद के सत्यविंद पासवान, जदयू के मो. अनस रिजवान, कांग्रेस के उपेंद्र नाथ तिवारी, अनुपम कुमार सिंह, अनंत कुशवाहा, बसपा के विजय कुमार यादव, भाकपा माले के उमेश कुमार, माकपा के रामाश्रय महतो तथा आम आदमी पार्टी के आलोक कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर 133-समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

*भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री बिहार विधान परिषद एनडीए प्रत्याशी दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए भाजपा जिला कोर कमेटी का बैठक हुए शामिल – Doorbeen News*

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री बिहार विधान परिषद एनडीए प्रत्याशी दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए भाजपा जिला कोर कमेटी का बैठक हुए शामिल 

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *