व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में अब स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने पहल तेज कर दी है। प्रखंड अंतर्गत भटौरा पंचायत की मुखिया सरिता कुमारी ने अपने पुत्र सह समाजसेवी नीतीश कुमार उर्फ युवराज के माध्यम से बिहार सरकार के खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपकर प्रखंड मुख्यालय के समीप सर्वसुविधायुक्त आधुनिक स्टेडियम निर्माण की मांग की है। शुक्रवार को पटना में खेल मंत्री कार्यालय पहुंचकर समाजसेवी नीतीश कुमार उर्फ युवराज ने मंत्री से मुलाकात की तथा क्षेत्र की खेल संबंधी समस्याओं से अवगत कराया।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति विशेष उत्साह और गहरा लगाव है। यहां ग्रामीण इलाकों से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकल रहे हैं, जो संसाधनों के अभाव के बावजूद जिला एवं राज्य स्तर तक अपनी पहचान बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि प्रखंड क्षेत्र में आज तक कोई आधुनिक खेल परिसर अथवा स्टेडियम उपलब्ध नहीं है।



खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए उचित मैदान, रनिंग ट्रैक, खेल उपकरण एवं प्रशिक्षकों की सुविधा नहीं मिल पाने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार खिलाड़ियों को दूर-दराज जाकर अभ्यास करना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली युवा पीछे छूट जाते हैं।
समाजसेवी नीतीश कुमार उर्फ युवराज ने कहा कि यदि प्रखंड मुख्यालय के निकट एक भव्य एवं सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम का निर्माण कराया जाता है तो इससे न केवल स्थानीय खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में भी यह स्टेडियम मील का पत्थर साबित होगा। प्रखंड स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से क्षेत्र की पहचान भी मजबूत होगी।
खेल मंत्री से इस मांग पर सकारात्मक पहल करने का अनुरोध करते हुए कहा गया कि यह जनहित एवं युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। स्थानीय लोगों एवं खेल प्रेमियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही शिवाजीनगर में आधुनिक स्टेडियम निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।



*फुलहरा बाईपास के समीप भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत – Doorbeen News*
फुलहरा बाईपास के समीप भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत





