व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें,
Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत राधा कृष्ण मंडल गोविंद गोस्वामी महाविद्यालय के सभागार भवन में बुधवार को आशा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार ने की। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र की सभी आशा कार्यकर्ताओं को चमकी बुखार यानी एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) एवं जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) से बचाव, लक्षण एवं रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही घर घर सर्वेक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विशेष रजिस्टर एवं प्रपत्र उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार ने कहा कि गर्मी के मौसम में चमकी बुखार के मामले बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में आशा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे में तेज बुखार, शरीर में ऐंठन, बेहोशी या लगातार कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराना चाहिए।



उन्होंने लोगों को बच्चों को खाली पेट नहीं सुलाने, पर्याप्त पानी पिलाने तथा साफ सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया।
बैठक में नियमित टीकाकरण अभियान की भी विस्तार से समीक्षा की गई। आशा कार्यकर्ताओं को मानव पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा भीषण गर्मी एवं लू से बचाव के उपायों पर चर्चा करते हुए कहा गया कि दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, अधिक मात्रा में पानी पिएं तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही आगामी संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी आशा कार्यकर्ताओं को सर्वे प्रपत्र उपलब्ध कराते हुए क्षेत्र में आवश्यक जानकारी संग्रह करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आशा कार्यकर्ताओं को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी बिंदुओं पर जागरूक करते हुए क्षेत्र में सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। मौके पर बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मी उपस्थित थे।



*समस्तीपुर मंडल में सघन टिकट जांच अभियान, विभिन्न रेलखंडों एवं स्टेशनों पर सघन जांच अभियान चलाकर राजस्व संरक्षण पर दिया गया बल – Doorbeen News*





