पंचायतों में महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को लगेगा सहयोग शिविर, पंचायत में ही होगा समस्याओं का समाधान

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

 

Samastipur News: शिवाजीनगर में आम लोगों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में शिवाजीनगर प्रखंड प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। अब प्रखंड क्षेत्र की सभी 17 पंचायतों में प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहेंगे और लोगों की शिकायतों, आवेदन तथा योजनाओं से संबंधित समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रखंड प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। इस संबंध में बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश पर प्रखंड कार्यालय द्वारा इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि पंचायत स्तर पर ही आमजनों को प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि ग्रामीणों को समय और धन दोनों की बचत हो सके।

उन्होंने बताया कि इस योजना की शुरुआत 19 मई से की जाएगी और प्रथम चरण में दो पंचायतों में सहयोग शिविर लगाया जाएगा। 19 मई को मधुरापुर एवं रहटौली पंचायत में शिविर आयोजित कर इस अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 2 जून को भटौरा एवं बल्लीपुर पंचायत, 16 जून को बंधार एवं करियन पंचायत, 7 जुलाई को जाखर धरमपुर एवं रानीपरती पंचायत, 21 जुलाई को शंकरपुर एवं रजौर रामभद्रपुर पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 4 अगस्त को दसौत, घिवाही एवं परसा पंचायत तथा 18 अगस्त को रहियार उत्तर एवं रहियार दक्षिण पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे।

प्रशासन ने बताया कि आगे भी चरणबद्ध तरीके से पंचायतों में इसी प्रकार शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि सभी पंचायतों के लोग इसका लाभ उठा सकें। बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का पारदर्शी एवं त्वरित समाधान करना है। उन्होंने बताया कि शिविर में राजस्व, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, आवास योजना, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, भूमि विवाद, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का निपटारा किया जाएगा। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी ताकि पात्र लाभुक योजनाओं से वंचित न रह जाएं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिविर के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। सभी विभागों को निर्देश जारी कर दिया गया है कि निर्धारित तिथि पर पंचायतों में समय से पहुंचकर आवश्यक तैयारी पूरी करें। इसके अलावा पंचायत प्रतिनिधियों को भी ग्रामीणों को जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर यह शिकायत सामने आती रही है कि छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को कई बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है।

खासकर वृद्ध, महिला एवं दिव्यांग लोगों को इससे अधिक परेशानी होती है। ऐसे में पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन ग्रामीणों के लिए काफी राहत भरा कदम माना जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि अब उनकी समस्याओं का समाधान समय पर हो सकेगा और सरकारी कार्यालयों में अनावश्यक दौड़भाग से मुक्ति मिलेगी। बीडीओ ने बताया कि यह पहल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर पूरे राज्य में लागू की जा रही है।

सरकार चाहती है कि पंचायत स्तर पर ही प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया जाए और जनता को सुगम तरीके से सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बनेगा तथा इससे लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा। प्रखंड प्रशासन ने सभी पंचायतवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर आयोजित शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज के साथ उपस्थित हों ताकि मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

 

*राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सुनिश्चित करें कि सभी नोटिस का तामिला ससमय करें – Doorbeen News*

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सुनिश्चित करें कि सभी नोटिस का तामिला ससमय करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *