कागजों पर सुधरी व्यवस्था, जारी हुआ रोस्टर, अवकाश पर विशेषज्ञ, चार ग्रुप बनाकर तैनाती, दो-दो एमडी मेडिसिन

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

कागजों पर सुधरी व्यवस्था, जारी हुआ रोस्टर, अवकाश पर विशेषज्ञ, चार ग्रुप बनाकर तैनाती, दो-दो एमडी मेडिसिन

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सिविल सर्जन डा. राजीव कुमार के निर्देश पर नई ड्यूटी रोस्टर जारी की गई है। नई व्यवस्था लागू होने के पहले दिन ही तीन विशेषज्ञ चिकित्सक अवकाश पर चले गए हैं। एमडी मेडिसिन डा. मनीष कुमार ने डायरिया होने पर तीन दिन का अवकाश के लिए आवेदन दिया। जबकि, एमडी मेडिसिन डा. दशरथ कुमार सिंह ने अति आवश्यक कार्य को लेकर अवकाश पर रहने का आवेदन दिया है। ऐनेस्थिसिस्ट डा. सत्येन्द्र कुमार ने गले में सक्रमण, तेज दर्द, बुखार से अत्यधिक कमजोरी होने के कारण स्वास्थ्य ठीक नहीं रहने को लेकर 13 से 15 मार्च तक आकस्मिक अवकाश देने का आवेदन दिया। इनके आवेदन को उपाधीक्षक ने अग्रसारित भी कर दिया।

अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी सेवा को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेषज्ञ डाक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की है। जारी रोस्टर के अनुसार इमरजेंसी वार्ड में दो-दो एमडी मेडिसीन, एक ईएनटी विशेषज्ञ और एक एनेस्थेसिस्ट को ड्यूटी पर लगाया गया है। इनके साथ एक-एक एमबीबीएस चिकित्सक को भी तैनात किया गया है, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। इमरजेंसी सेवा के संचालन के लिए चार ग्रुप बनाए गए हैं। प्रत्येक ग्रुप में दो-दो चिकित्सक रखे गए हैं, जिनमें एक विशेषज्ञ चिकित्सक और एक मेडिकल आफिसर शामिल हैं। यह टीम निर्धारित शिफ्ट के अनुसार इमरजेंसी वार्ड में अपनी सेवा देंगे।

सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सकों को निर्देश दिया है कि वे अपनी निर्धारित ड्यूटी का पालन करें और समय पर अस्पताल में उपस्थित रहें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अवकाश पर जाने से पहले संबंधित चिकित्सक को अपने ग्रुप के डाक्टर से सहमति लेकर सक्षम पदाधिकारी से कार्य हित में अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। अस्पताल प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि जिन चिकित्सा पदाधिकारियों की रोस्टर ड्यूटी नहीं है, वे भी मुख्यालय में उपस्थित रहेंगे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल सेवा में लगाया जा सके।

सर्जन की इमरजेंसी वार्ड में नहीं लगाई गई ड्यूटी, ईएनटी करेंगे पोस्टमार्टम: रोस्टर के अनुसार इमरजेंसी वार्ड में सर्जन की ड्यूटी नहीं लगाई गई है, जबकि ईएनटी (कान-नाक-गला) विशेषज्ञ को पोस्टमार्टम की जिम्मेदारी दी गई है। अस्पताल में जारी नए रोस्टर के बाद यह व्यवस्था चर्चा का विषय बन गई है। आमतौर पर इमरजेंसी वार्ड में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए सर्जन की तैनाती जरूरी मानी जाती है, लेकिन इस बार जारी सूची में सर्जन का नाम इमरजेंसी ड्यूटी में शामिल नहीं किया गया है।

प्रत्येक शिफ्ट में तीन-तीन ए ग्रेड की हुई तैनाती : सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अब प्रत्येक शिफ्ट में तीन-तीन ए ग्रेड व एक चतुर्थ वर्गीय कर्मी को लगाया गया है। वार्ड इंचार्ज जीएनएम दीपक कुमार को बनाया गया है। नई रोस्टर ड्यूटी में ग्रुप ए में अखिलेश कुमार, मधु कुमारी, अनिता कुमारी प्रथम व मनोज कुमार को लगाया गया है। इसके अलावा ग्रुप बी में ऋषिकेश कुमा, प्रतिमा कुमारी, सीमा कुमारी व राकेश कुमार, ग्रुप सी में दीपक पहढ़िया, कुमारी सरिता, आशा कुमारी व मो. बशीर, ग्रुप डी में कनाराम, शीला कुमारी, निभा कुमारी व सूर्य नारायण सिंह की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *