व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
आज दरभंगा जिला के सभी 18 प्रखंडों के 36 ग्राम संगठनों में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ महिला संवाद
दूरबीन न्यूज डेस्क। दरभंगा जिले के सभी 18 प्रखंडों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रत्येक प्रखंड में दो ग्राम संगठनों को इस कार्यक्रम के लिए चयनित किया गया, जिसके तहत कुल 36 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ।
यह कार्यक्रम दो पालियों में आयोजित किया गया। पहली पाली सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक तथा दूसरी पाली शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक चली। दोनों पालियों में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिये।


महिला संवाद कार्यक्रम में प्रतिभागी महिलाओं ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
संवाद के दौरान महिलाओं ने अपनी वर्तमान समस्याओं,ज़मीनी स्तर की आवश्यकताओं और भावी आकांक्षाओं को भी खुलकर साझा किया। इनमें प्राथमिक विद्यालयों की स्थापना,जल निकासी व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और आजीविका से जुड़ी मांगें प्रमुख रूप से सामने आईं।
महिलाओं द्वारा व्यक्त की गई इन अपेक्षाओं और सुझावों को सरकार तक पहुँचाने का उद्देश्य इस कार्यक्रम का अहम हिस्सा रहा।


राज्य सरकार इन इनपुट्स के आधार पर आने वाले समय में नीतिगत निर्णय लेने की योजना बना रही है, ताकि योजनाओं को और अधिक प्रभावी तथा जन-हितैषी बनाया जा सके।
यह कार्यक्रम राज्य स्तरीय पहल “महिला संवाद रथ” का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत 18 अप्रैल 2025 को माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के द्वारा की गई है। मुख्यमंत्री ने “महिला संवाद रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किये है।
यह संवाद रथ राज्य के सभी 38 जिलों में भ्रमणशील है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। साथ ही, यह महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए उनकी आकांक्षाओं और सुझावों को भी एकत्र कर रहा है।


महिला संवाद रथ को आधुनिक तकनीकी से लैस किया गया है। इसमें ऑडियो-विजुअल के माध्यम से विशेष रूप से तैयार सामग्री के जरिए योजनाओं की जानकारी दी जाती है*। इस तकनीक के माध्यम से महिलाएं योजनाओं को और बेहतर तरीके से समझ पा रही हैं।
दरभंगा जिले के बिरौल प्रखंड में स्थित मुस्कान जीविका महिला ग्राम संगठन में भी इस संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दीदियों ने अपने गाँव में प्राथमिक विद्यालय की आवश्यकता को लेकर सरकार से सहयोग की मांग की। साथ ही उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की।


जिला में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रमों में अनुमानतः 10,000 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया।
उन्होंने सरकारी योजनाओं से मिले लाभ, उनके जीवन में आए सामाजिक और आर्थिक बदलावों को साझा किया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि कैसे योजनाओं से उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्राप्त हुआ।





