पति ने की ऐसी करतूत की पत्नी से छीन गयी थानेदारी, महिला SHO को एसपी ने किया निलंबित

दूरबीन न्यूज। सौयां भए कोतवाल तो डर काहे का, यह कहावत तो आप सुने ही होंगे। लेकिन बिहार में ठीक इसके उल्टा मामला सामने आया है। जिसमे पत्नी थानाध्यक्ष थी तो पति पुलिस गाड़ी पर घूमकर रौब झाड़ता है। मामला जब एसपी के संज्ञान में गया तो थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया। घटना औरंगाबाद की है। मिली जानकारी के अनुसार औरंगाबाद जिले में विजेंद्र कुमार नाम का शख्स थाने की गाड़ी से घूमता था। और रौब गांठता था। जिसके चलते औरंगाबाद एसपी (Aurangabad SP) ने आरोपी की थानाध्यक्ष पत्नी को सस्पेंड कर दिया है। गोह प्रखंड के उपहारा थानाध्यक्ष किरण कुमारी को निलंबित कर दिया गया है। औरंगाबाद की एसपी स्वप्ना गौतम मेश्राम ने उन पर लगे आरोपों के आलोक में जांच करने के बाद उसे सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की है।

2018 बैच की सब इंस्पेक्टर किरण कुमारी पिछले साल अगस्त महीने में यहां की थानाध्यक्ष बनी थीं। 19 फरवरी को थानाध्यक्ष किरण कुमारी के पति विजेंद्र कुमार पुलिस की सरकारी गाड़ी से बेला गांव के समीप पहुंचे थे। यहां पर लोगों ने हंगामा कर दिया और उन्हें खदेड़ दिया। इसका एक वीडियो बनाकर वायरल किया गया था। इस संबंध में समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद औरंगाबाद की एसपी ने डीएसपी मुख्यालय नभ वैभव को जांच का जिम्मा सौंपा था। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के आलोक में थानाध्यक्ष किरण कुमारी को निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि उन पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष के निलंबित होने के बाद नए थानाध्यक्ष के रूप में डीआईयू में कार्यरत मनेश कुमार को उपहारा थानाध्यक्ष बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *