यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। सदर अस्पताल की सुविधा एवं व्यवस्था की जांच पड़ताल को लेकर एनक्वास की सेंट्रल टीम समस्तीपुर पहुंची। दो दिवसीय दौड़े के तहत आयी एनक्वास की टीम के द्वारा एसएनसीयू, पीकू वार्ड, ब्लड बैंक, मेटरनीटि वार्ड, पीपीआईसीयू वार्ड एवं प्रशासनिक व्यवस्था की मुख्य रुप से समीक्षा करेंगे। इसके तहत एनक्वास की टीम में शामिल डॉ. चंद्रशेखर तिवारी एवं ईमदादुल इस्लाम के द्वारा शुक्रवार को निरीक्षण कार्य शुरु किया गया।


इस कड़ी में एसएनसीयू के मीटिंग हॉल में टीम का स्वागत किया गया। इस दौरान सीएस डॉ. एसके चौधरी ने टीम में शामिल दोनों अधिकारियों को पाग व चादर देकर सम्मानित किया। साथ ही सदर अस्पताल की उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उपस्थित अधिकारियों से परिचय कराया गया। इस दौरान डीएस डॉ. गिरीश कुमार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ईशरत जहां, डॉ. नागमणी राज, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. आशुतोष कुमार, डॉ. संतोष झा, डीसीक्यूए डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार आदि उपस्थित थे।


विदित हो कि एनक्वास की टीम को सदर अस्पताल में पिछले दो सप्ताह से लगातार तैयारी की जा रही थी। ताकि टीम को किसी भी प्रकार की त्रुटी नहीं जान पड़े। इसको लेकर कई प्रकार की सुविधाओं को भी बढ़ाया गया। जांच टीम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अलावे पीरामल के भी सभी कर्मी व अधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के पहले दिन टीम ने एसएनसीयू, पीकू एवं ब्लड बैंक में जाकर गहन निरीक्षण किया। साथ ही निरीक्षण के दौरान उपलब्ध सभी सुविधाओं को देखा। इसके बाद तैयार की गयी पंजी की समीक्षा की गयी। इस कड़ी में ब्लड बैंक का का निबंधन, मेडिकल वेस्टेज, सामान्य कचरा, संक्रमण से बचाव, इलाज, दवा, जांच आदि से संबंधित रिपोर्ट एवं निर्धारित पंजियों की जांच की गयी। टीम के द्वारा दवा के भंडारण एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गयी।

टीम के द्वारा शनिवार को मेटरनिटी वार्ड, पीपीआईसीयू वार्ड एवं प्रशासनिक व्यवस्था की जांच पड़ताल व समीक्षा की जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ सभी मुद्दों पर समीक्षा की जाएगी। जिसके बाद एनक्वास के निर्धारित मापदंड के आधार पर पायी गयी सुविधा का मूल्यांकन किया जाएगा।






